65 वाहनों पर कार्रवाई, नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने वसूला 5.50 लाख रुपये जुर्माना

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 65 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 5.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

विशेष जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम संयुक्त रूप से शामिल रही।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई भारी और व्यावसायिक वाहन यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए थे। ऐसे वाहनों के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

टास्क फोर्स की टीम ने वाहन चालकों एवं संचालकों को सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य हाईवे पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाना, यातायात को सुगम बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।