सोनारी के बिंदल मॉल फायरिंग मामले में SIT की कार्रवाई, मुख्य साजिशकर्ता समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल में 26 सितंबर 2026 को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के आदेश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने साक्ष्य संकलन और CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य साजिशकर्ता से जुड़े चार आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त/संबंधित वाहन एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में उनकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

फायरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

SIT द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।