केरला समाजम मॉडल स्कूल में डाक जागरूकता सप्ताह, ‘पुरानी डोर को फिर से जोड़ें’ का दिया संदेश

डिजिटल युग में तेजी से बदलते संचार माध्यमों के बीच डाक सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल (KSMS) के सभागार में डाक जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय डाक विभाग और आम लोगों के बीच पुराने आत्मीय संबंध को फिर से मजबूत करना और वर्तमान समय में डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं के प्रति लोगों को जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों सहित कुल 90 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह की रही प्रेरक भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। शिक्षिका स्नेहा कुमारी ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डाक विभाग की सेवाओं और बदलते समय के साथ डाक व्यवस्था में आए बदलावों की जानकारी दी गई। साथ ही डाक सेवाओं के उपयोग और इसकी सामाजिक भूमिका को लेकर संवाद किया गया।

डाक जागरूकता सप्ताह के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि डिजिटल संचार के बढ़ते दौर में भी डाक विभाग की सेवाएं महत्वपूर्ण हैं। ‘पुरानी डोर को फिर से जोड़ें’ थीम के जरिए डाक से जुड़े भावनात्मक रिश्ते और लोगों की पुरानी यादों को भी सामने लाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों ने डाक विभाग की पहल की सराहना की और जागरूकता सत्र को उपयोगी बताया।