ईएसएल स्टील लिमिटेड की ओर से नए तकनीकी कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में कंपनी के सीईओ एवं होल टाइम डायरेक्टर रवीश शर्मा तथा सीआईआई झारखंड के निदेशक एवं स्टेट हेड प्रभात कुमार मौजूद रहे।
नए प्रशिक्षण केंद्र में इलेक्ट्रिकल, हाइड्रोलिक और न्यूमैटिक सिस्टम के साथ वेल्डिंग, गैस कटिंग, इंडस्ट्रियल वाल्व, लिफ्टिंग टूल्स और सेफ्टी से संबंधित विभिन्न वर्किंग मॉडल लगाए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं की तकनीकी दक्षता को मजबूत करना तथा उन्हें औद्योगिक कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ देना है। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और सुरक्षित कार्यप्रणाली पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर रवीश शर्मा ने कहा कि तकनीकी दक्षता लगातार सीखने और व्यावहारिक अनुभव से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि नया प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को भी मजबूत करेगा।
ईएसएल स्टील की इस पहल से तकनीकी प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
