धनबाद के 8-लेन मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत

जिले के असर्फी अस्पताल के समीप आठ लेन सड़क पर गुरुवार की देर रात करीब 9 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सड़क पर शव की स्थिति देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया।

आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जुटकर विरोध जताया और यातायात बाधित हो गया। लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की गिरफ्तारी और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की तथा फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश में जुट गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आठ लेन मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने मार्ग पर यातायात नियंत्रण और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।