राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बोकारो प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ एवं ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए। अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर समाहरणालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। गांधी जयंती के अवसर पर विशेष अभियान के साथ इसका समापन किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी प्रभावी होगा, जब इसमें आम लोगों की भी सक्रिय भागीदारी हो। सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बोकारो का निर्माण किया जा सकता है।
