वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के आदेशानुसार चाकुलिया थाना अंतर्गत ग्राम देंगाम में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जादूटोना, डायन प्रथा, नशापान और घरेलू हिंसा के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही ऐसी घटनाओं की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता और संबंधित कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP और PIN साझा नहीं करने की अपील की। ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा ग्रामीणों को जोहार चैटबॉट नंबर 9471167577 के बारे में बताया गया और साइबर अपराध सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित सहायता के लिए उपलब्ध माध्यमों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अंधविश्वास, नशापान, घरेलू हिंसा और साइबर ठगी जैसी समस्याओं के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को उपलब्ध कानूनी और सहायता सेवाओं से जोड़ना है।
