योगापट्टी प्रखंड के हरपुरवा कुट्टी के पास बाढ़ का पानी देखने गए दो किशोर तेज धार में डूब गए। स्थानीय लोगों ने एक किशोर तेज प्रताप कुमार, पिता अमर प्रसाद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा किशोर प्रभात कुमार, पिता बुधन शर्मा तेज बहाव में लापता हो गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिचरी थाना क्षेत्र के गोइता टोला मिश्रौली गांव निवासी दोनों किशोर बाढ़ की स्थिति देखने हरपुरवा कुट्टी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों डूब गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन की कथित अनदेखी के विरोध में टायर जलाकर बेतिया-नवलपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और लापता किशोर की जल्द तलाश किए जाने की मांग की।
फिलहाल स्थानीय गोताखोरों द्वारा प्रभात कुमार की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई है।
