धनबाद प्रेस क्लब में शनिवार को वरिष्ठ दिवंगत पत्रकार मुकेश कुमार सिन्हा को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकार को याद किया। इसके बाद उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।
श्रद्धांजलि सभा में धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद ने कहा कि स्वर्गीय मुकेश कुमार सिन्हा बेहद मृदुभाषी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े पत्रकार थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के अलावा मुकेश कुमार सिन्हा की खेलों में भी विशेष रुचि थी। खासकर उन्हें शतरंज का खेल काफी पसंद था। धनबाद प्रेस क्लब में मीडिया शतरंज प्रतियोगिता के आयोजन की शुरुआत भी उन्हीं के प्रयासों से हुई थी। उन्होंने कई बार धनबाद प्रेस क्लब में मीडिया शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन कराया।
इस दौरान मौजूद पत्रकारों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
