तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ी भगियामारी में CSP से 2 लाख 45 हजार रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजमहल SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोहिनुर शेख उर्फ कुन्दर शेख और आदित्य यादव उर्फ सोनू यादव के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के पास से चोरी के 10-10 हजार रुपये, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में एक का इस्तेमाल कथित तौर पर चोरी की घटना में किया गया था, जबकि दूसरी बाइक चोरी के पैसों से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है और चोरी की घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
