प्रतिभा और हौसले को मिला मंच, पहला कदम में मनाया गया विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस

नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में मंगलवार को विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज में समावेशी सोच को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर बच्चों की क्षमताओं के अनुरूप विभिन्न मनोरंजक एवं गतिविधि आधारित खेलों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे भी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर विशेष बच्चे भी अपनी प्रतिभा को सामने ला सकते हैं और समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों में भी प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं होती। जरूरत है उन्हें सही मंच, सहयोग और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने समावेशी समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।