बिना हेलमेट बाइक रैली में निकले चिरैया विधायक, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

जिले में पुलिस जहां सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक कर रही है, वहीं चिरैया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर परिवहन नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के अवसर पर आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत पताही से चिरैया तक बाइक रैली निकाली गई थी। इस रैली में चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता समर्थकों के साथ शामिल हुए।

वायरल वीडियो में विधायक बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके पैरों में जूते भी नजर नहीं आ रहे हैं। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान सामने आए इस वीडियो को लेकर चिरैया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करता रहा है। ऐसे में जनप्रतिनिधि के बाइक रैली में कथित तौर पर नियमों का पालन नहीं करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।