सुपौल में AAP प्रत्याशी डॉ. मैथ्यू एन. देव ने उठाए अधिवक्ताओं के कल्याण और रोजगार के मुद्दे

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अधिवक्ता डॉ. मैथ्यू एन. देव शुक्रवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में सुपौल पहुंचे। गांधी मैदान परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्नातक मतदाताओं, अधिवक्ताओं, युवाओं और कोशी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए।

डॉ. मैथ्यू एन. देव ने कहा कि करीब 30 वर्षों तक विधि व्यवसाय करने वाले अधिवक्ताओं को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए कम से कम 20 हजार रुपये मासिक पेंशन की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही, अधिवक्ताओं के बच्चों को स्कूल-कॉलेज में नामांकन के दौरान विशेष सुविधा एवं आरक्षण देने और निःशुल्क बीमा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने अधिवक्ता की मृत्यु होने पर उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. देव के अनुसार, अधिवक्ताओं के योगदान को देखते हुए उनके कल्याण के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जानी चाहिए, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन और बेहतर सामाजिक सुरक्षा मिल सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्नातक मतदाताओं, युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों के साथ-साथ कोशी क्षेत्र की समस्याओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और क्षेत्र के विकास के लिए प्रभावी पहल करने की आवश्यकता बताई।