चंदौली में असलहे के बल पर छह लाख रुपये की लूट, बदमाशों की कार दुर्घटनाग्रस्त; चार से पांच आरोपी फरार

चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में असलहे के बल पर छह लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। फिनविजन फाइनेंस कंपनी से नकदी लेकर जा रहे बसिला निवासी मुजीम अहमद को बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने असलहे की बट से हमला कर उनके साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार होने लगे।

कार से पीछा करने पर हादसे का शिकार हुए बदमाश

घटना के बाद मुजीम अहमद ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी कार से बदमाशों का पीछा किया। बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान करीब 200 मीटर आगे बदमाशों की कार एक पिलर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद चार से पांच बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने कार से मोबाइल और कागजात किए बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच के दौरान मोबाइल फोन और कुछ कागजात बरामद किए हैं। बरामद सामान के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच करने में पुलिस जुटी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई नकदी बरामद करने की चुनौती है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।