बेगूसराय में NH-31 पर CNG मालवाहक टेंपो में लगी भीषण आग, 40 मिनट की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

बेगूसराय में एक मालवाहक सीएनजी टेंपो में भीषण आग लगने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। घटना चकिया थाना क्षेत्र में एनटीपीसी रेलवे गुमटी के समीप NH-31 फोरलेन की बताई जा रही है। आग लगने के बाद टेंपो बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी रेलवे गुमटी के पास एक मालवाहक सीएनजी टेंपो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर टेंपो को जलता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

चालक ने कूदकर बचाई जान

इस घटना में राहत की बात यह रही कि आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना की पुलिस और एनटीपीसी की ओर से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 40 मिनट तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक टेंपो पूरी तरह जल चुका था।

NH-31 फोरलेन पर हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को नियंत्रित किया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।