बेगूसराय में AISF का जोरदार प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पुतला दहन

जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल नेताओं के साथ कथित पुलिस मारपीट और गिरफ्तारी के विरोध में बेगूसराय में AISF कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और कैंटीन चौक पर पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन से पहले AISF कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए आक्रोश मार्च निकाला। मार्च कैंटीन चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियों के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ट्रेनों और मेट्रो की सेवाएं बंद करे, वाटर कैनन का इस्तेमाल करे या लाठीचार्ज करे, उनका आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते।

AISF कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि सरकार के रवैये से उनका आंदोलन और तेज होगा। छात्र नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और धारदार बनाया जाएगा।

बेगूसराय में हुए इस प्रदर्शन के दौरान AISF कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की और आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।