बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमन बनजरी गांव के समीप गंडक नहर के सायफन के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, युवक का शव नहर के सायफन के पास पड़ा मिला। शव पर केवल अंडरवियर था। घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर युवक के कपड़े और एक अंगोछा भी बरामद हुआ है। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर कुचायकोट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
