बरवाअड्डा स्थित सिंबायोसिस किड्स स्कूल में मंगलवार को शारदीय दुर्गा उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ढाक की गूंज, शंखध्वनि और बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में मां दुर्गा की महिमा और महिषासुर वध की कथा को बच्चों ने नृत्य एवं नाटक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिंदरी के पूर्व विधायक फूलचंद मंडल, धरणीधर मंडल, विद्यालय के निदेशक आशीष मंडल, प्राचार्या रीना मंडल और सिंबायोसिस पब्लिक स्कूल की प्राचार्या विद्या सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण कक्षा एक से आठवीं तक के करीब 100 बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ कार्यक्रम रहा। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के जरिए मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और महिषासुर वध की पौराणिक कथा को मंच पर साकार किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
वहीं, कक्षा एक और दो के बच्चों ने बंगाली भाषा में दुर्गा पूजा पर कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपरा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस उत्सव ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
