बगहा में पुलिस गिरफ्त से आरोपी को छुड़ाया, नौरंगिया थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल

बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हंगामे का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मध निषेध से जुड़े नौरंगिया थाना कांड संख्या 89/26 के अभियुक्त भूलन बीन और नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन आरोप है कि अशोक बीन समेत करीब एक दर्जन महिला-पुरुषों ने कथित तौर पर पुलिस के कब्जे से उसे छुड़ा लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की

घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि नागेंद्र बीन को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने के दौरान ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रौशन समेत कई पुलिसकर्मियों को आंशिक रूप से चोटें आईं। वहीं, हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई में जुटी

घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की पुष्टि बगहा के सदर एसडीपीओ निहार भूषण ने भी की है। उन्होंने बताया कि कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

पुलिस गिरफ्त से आरोपी को छुड़ाने और पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर मारपीट व धक्का-मुक्की की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई

की प्रक्रिया में जुटी है।