क्षेत्र के जोहरासी जबरदस्तपुर गांव में लंबे समय से तिरछे बिजली के खंभे की समस्या से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिली है। बिजली विभाग की ओर से खंभा लगाए जाने के बाद गांव के लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। ग्रामीणों का कहना है कि खंभा तिरछा होने के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
ग्रामीण दौलत खान ने बताया कि बिजली के खंभे की समस्या काफी दिनों से बनी हुई थी। खंभा तिरछा हो गया था, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। अब नया खंभा लगने से पूरे गांव के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि खंभा लगाने के साथ ही बिजली के तार खींचने का काम भी किया जाना है।
वहीं, ग्रामीण फुरकान सलमानी ने कहा कि यदि समय रहते खंभा नहीं लगाया जाता, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने इस कार्य के लिए शासन-प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति आभार जताया।
इस दौरान तस्लीम प्रधान ने कहा कि वह हमेशा गांव के लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर रहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अब लोगों को उम्मीद है कि बिजली के तार खींचने का काम भी जल्द पूरा होगा, जिससे गांव में बिजली व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।
