न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति की ओर से विजयादशमी के शुभ अवसर पर समिति के संरक्षक एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल को सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और महासचिव मुनेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने मां दुर्गा की चुनरी ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अमित अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति का पंडाल अपनी अनूठी थीम और आकर्षक सजावट के कारण श्रद्धालुओं के बीच खास पहचान बना रहा है। पंडाल के अंदरूनी हिस्से को ‘गुपचुप’ की थीम पर सजाया गया है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अनोखी सजावट और रचनात्मक प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंच रहे हैं।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में समिति के पदाधिकारियों ने अमित अग्रवाल के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं, आकर्षक थीम के कारण न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी का दुर्गा पूजा पंडाल धनबाद में चर्चा का विषय बना हुआ है।
