साहिबगंज में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, जैप-9 परिसर में वीर जवानों को किया गया नमन

साहिबगंज के जैप-9 परिसर में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समादेष्टा रश्मि रमेशन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी मनोज कुमार झा ने किया।

इस अवसर पर शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। अधिकारियों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के योगदान को याद किया और उनके बलिदान को सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में शहीद हुए सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत, कांस्टेबल सुनील राम और कांस्टेबल संतन कुमार मेहता के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। उनके बलिदान को देश की सुरक्षा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया गया।

पुलिस संस्मरण दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की सेवा और सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस पुलिस बल के जवानों को उनके साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का संदेश देता है।