धनबाद के सरायढेला स्थित कोला कुसमा की वास्तु विहार कॉलोनी के शक्ति मंदिर में नवरात्र महोत्सव के समापन पर दशमी के दिन मां दुर्गा की विदाई सिंदूर खेला की परंपरा के साथ की गई। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर परंपरा का निर्वहन किया।
मां दुर्गा की विदाई के इस भावुक अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर में नवरात्र के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
दशमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में भक्तों की भागीदारी से मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
बताया जाता है कि कोला कुसमा की वास्तु विहार कॉलोनी स्थित शक्ति मंदिर में पिछले कई वर्षों से सिंदूर खेला की परंपरा निभाई जा रही है। नवरात्र महोत्सव के दौरान यह आयोजन कॉलोनी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहता है।
सिंदूर खेला के साथ महिलाओं ने मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी और अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना की।
