पीएचडी नामांकन शुरू कराने की मांग, NSUI विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष तारिक अनवर ने DSW को सौंपा ज्ञापन

विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU), धनबाद में पिछले कई वर्षों से पीएचडी नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने का मुद्दा अब उठने लगा है। इसको लेकर एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

एनएसयूआई के विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष तारिक अनवर ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) को ज्ञापन सौंपकर पीएचडी में नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नामांकन नहीं होने के कारण शोध करने के इच्छुक विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

तारिक अनवर के अनुसार, कई विद्यार्थी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के बावजूद पीएचडी में प्रवेश के अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया में देरी से विद्यार्थियों की शोध योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मामले में जल्द आवश्यक कदम उठाने और पीएचडी नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।