उत्तर प्रदेश के बलिया से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां कांग्रेस ने मतदाता सूचियों से नाम हटाने की कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को तेज करने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने क्रांतिकारी धरती बलिया से इस अभियान को उत्तर प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने का संकल्प जताया है।
बलिया में आयोजित प्रेसवार्ता में एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया और फॉर्म-6 व 7 के कथित दुरुपयोग को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के कारण पात्र मतदाताओं के मताधिकार पर संकट पैदा हो सकता है।
अनिल भारद्वाज ने विवादित SIR प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा बहाल करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उसका अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने की मांग उठाई है। वहीं, SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों को लेकर उठे सवालों के बीच यह मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस अभियान का उत्तर प्रदेश में क्या असर पड़ता है और मतदाता सूची से जुड़े इन आरोपों पर चुनाव आयोग की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
