मोदीडीह में संकल्प महिला समिति ने बच्चियों को गुड टच-बैड टच के प्रति किया जागरूक, 50 बच्चों को बांगी सामग्री

दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष के निर्देश पर गुरुवार को कतरास क्षेत्र की संकल्प महिला समिति के तत्वावधान में मोदीडीह स्थित प्रोग्रेसिव स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, किसी भी असहज परिस्थिति में बिना डरे अपनी बात रखने तथा जरूरत पड़ने पर किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना था।

इस अवसर पर संकल्प महिला समिति की ओर से 50 बच्चों के बीच पेन, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर, पेंसिल बॉक्स, टिफिन बॉक्स और मिठाइयों का वितरण किया गया। सामग्री मिलने से बच्चों में खुशी देखी गई।

महिला समिति की इस पहल को बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को अपनी सीमाओं को समझने, असहज स्थिति को पहचानने और समय पर मदद मांगने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।