राहुल किला से जराइकेला तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह खराबी और डीजल कॉलोनी ओवरब्रिज के ऊपर पानी के लगातार रिसाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि डीजल कॉलोनी ओवरब्रिज पर एचडी विभाग की पाइपलाइन से पानी का रिसाव हो रहा है। पानी सड़क पर बहने के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग इसकी मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
केंद्रीय विद्यालय के पास बच्चों की सुरक्षा पर चिंता
इस मार्ग के किनारे पीएम केंद्रीय विद्यालय और रेलवे स्कूल भी स्थित हैं। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक आवागमन करते हैं। सड़क पर तेज रफ्तार से बाइक और अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में स्कूल के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के पास डिवाइडर या सुरक्षा से जुड़े पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण रखा जा सके। वहीं, एनएचएआई की ओर से डिवाइडर उपलब्ध कराने में असमर्थता जताए जाने की बात भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि यह बच्चों की जिंदगी और सुरक्षा का सवाल है, इसलिए इस समस्या का समाधान जल्द होना चाहिए।
कोड़ा गेट रेलवे फाटक से मरीजों को परेशानी
इसके अलावा कोड़ा गेट रेलवे फाटक के लगातार बंद रहने से भी आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फाटक बंद रहने के कारण कई बार मरीज समय पर अस्पताल और मेडिकल सुविधाओं तक नहीं पहुंच पाते। आपातकालीन स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
तीन साल से अधूरा ओवरब्रिज, कब पूरा होगा काम?
क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी लंबे समय से चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। काम कब तक पूरा होगा, इसे लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
डीसीसी प्रेसिडेंट रवि राय ने भी क्षेत्र की इन समस्याओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सड़क की मरम्मत, स्कूल के पास सुरक्षा व्यवस्था, पानी के रिसाव को रोकने और रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, एनएचएआई और संबंधित विभागों से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, स्कूल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों और अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
