बिहार के कैमूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्गावती थाना क्षेत्र के धनेच्छा स्थित कालका होटल के पास दक्षिणी लेन में पेट्रोल पंप के समीप खड़ी एक ट्रेलर में दूसरी ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक ट्रेलर दक्षिणी लेन में पेट्रोल पंप के पास खड़ी थी। इसी दौरान दुर्गावती की ओर से कर्मनाशा की तरफ जा रही दूसरी ट्रेलर ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन के अंदर फंस गया।
घायल चालक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के खराड़ी गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद चालक को बाहर निकालने और उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल घायल चालक की स्थिति और आगे की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
