प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) धनबाद के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए चलंत लोक अदालत कार्यक्रम का शनिवार को आमटाल पंचायत भवन में समापन हुआ।
इसकी जानकारी देते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह डालसा के प्रभारी सचिव बी.के. लाल ने बताया कि अक्टूबर माह के दौरान चलंत लोक अदालत के माध्यम से धनबाद जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में पहुंचकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को कानूनी अधिकारों, न्यायिक प्रक्रियाओं और विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर दर्जनों मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। इससे आम लोगों को त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने में मदद मिली। साथ ही लोगों को कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सरकारी और न्यायिक सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
चलंत लोक अदालत कार्यक्रम के तहत धनबाद जिले के हजारों लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसके माध्यम से जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी मदद मिली।
कार्यक्रम के जरिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने न्याय को आम जनता तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। आमटाल पंचायत भवन में समापन के साथ ही एक महीने तक चले इस विशेष अभियान का औपचारिक समापन हुआ।
