पटना साहिब स्टेशन का DRM और नगर निगम आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने का दिया आश्वासन

राजधानी पटना के ऐतिहासिक पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर रविवार को रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम विनोद कुमार, पटना नगर निगम के आयुक्त और पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।

दरअसल, सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के जन्मोत्सव को लेकर पटना साहिब स्टेशन पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के संभावित आगमन की चर्चा के बीच रेलवे प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में कई कमियां भी सामने आईं। इस पर डीआरएम विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि पाई गई कमियों को जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से स्टेशन पर जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, पटना नगर निगम के आयुक्त से स्टेशन परिसर में फैले अतिक्रमण को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि स्टेशन के आसपास लंबे समय से सब्जी मंडी और अन्य अवैध कब्जे की समस्या बनी हुई है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि पटना साहिब स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

गुरु गोविंद सिंह महाराज के जन्मोत्सव को देखते हुए पटना साहिब स्टेशन पर रेलवे और नगर निगम की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को निर्धारित समय में कितना दूर किया जाता है।