धनबाद के हाउसिंग कॉलोनी में घरेलू विवाद के बाद टोटो चालक ने सीने में घोंपा चाकू, इलाज के दौरान मौत

कोयलांचल धनबाद के हाउसिंग कॉलोनी में बुधवार सुबह घरेलू विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई। पत्नी के साथ विवाद और बेटे के विरोध के बीच 56 वर्षीय टोटो चालक कमलेश ने कथित तौर पर अपने सीने में चाकू घोंप लिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, हाउसिंग कॉलोनी निवासी कमलेश का अक्सर अपनी पत्नी रंजू देवी के साथ घरेलू विवाद होता था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे भी दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान कमलेश अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। मां के साथ मारपीट होता देख बेटे आनंद कुमार ने इसका विरोध किया।

बताया जाता है कि बेटे के विरोध करने पर कमलेश गुस्से में आ गए और चाकू उठाकर अपने सीने में घोंप लिया। चाकू लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घरेलू विवाद के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं। मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई और जांच से जुड़े विवरण की प्रतीक्षा है।