सहयोगीनगर सेक्टर-3 स्थित श्री श्री विश्वनाथ महादेव काली पूजा कमेटी की ओर से काली पूजा के दूसरे दिन सोमवार को भव्य भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां काली का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, राजू सिंह एवं सुदिष्ट कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूजा कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
मौके पर उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मां काली का भोग दिव्य प्रसाद के रूप में विशेष महत्व रखता है। यह भक्तों को आध्यात्मिक संतुष्टि प्रदान करने के साथ-साथ मन में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को धर्म और अध्यात्म से जोड़ना हम सभी का कर्तव्य है। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवाओं में अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
भोग-भंडारे में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा कमेटी के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। kाली पूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
