एसएसबी और लखीसराय जिला पुलिस के संयुक्त अभियान में पहाड़ी और जंगली इलाके से हथियार एवं भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने मोर्वे डेम के समीप जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य संदिग्ध सामग्रियों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में 48 जिंदा कारतूस और 12 ईएफसी सहित अन्य सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गया के कमांडेंट कुणाल के मार्गदर्शन तथा उप कमांडेंट अबनीश यादव के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। इसमें एसएसबी की एफ समवाय, बन्नुबगीचा और लखीसराय जिला पुलिस की टीम शामिल रही।
संयुक्त टीम ने न्यू बरमसिया, न्यू बंकुरा, पंचभुर, सिमरातरी, मोर्वे डेम और श्रृंगी ऋषि पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच और छानबीन की गई।
इसी क्रम में मोर्वे डेम से लगभग 400 मीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में देहनी टोला टिकहाव पहाड़ी के जंगली क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने मौके से 48 जिंदा कारतूस, 12 ईएफसी और अन्य सामग्री जब्त की।
संयुक्त अभियान को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल बरामद हथियारों और अन्य सामग्रियों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
