कोयलांचल में अगले दो दिनों में बढ़ेगी ठंड, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट के आसार

कोयलांचल में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। वहीं, कनकनी बढ़ने की भी संभावना है।

मौसम के इस बदलाव के बीच सुबह के समय लोगों को कोहरा और कुहासे का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 नवंबर को सुबह में कोहरा छाए रहने के बाद मौसम साफ रहेगा।

सोमवार को धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट से मौसम में ठंडक बढ़ेगी।

फिलहाल धनबाद में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।