वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) की मांगूराहा जंगल सफारी इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बुधवार की सुबह जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने उनके रोमांच को दोगुना कर दिया। सफारी के दौरान एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ जंगल में विचरण करती दिखाई दी। बाघिन और उसके नन्हे शावकों को एक साथ देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित हो उठे।
लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई मांगूराहा जंगल सफारी में बुधवार सुबह करीब छह बजे पर्यटकों को वन्यजीवों के दीदार का शानदार अवसर मिला। इस दौरान पटना से पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार अपने परिवार के साथ जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे थे। उनके साथ डॉ. शिवानो और निहारिका भी मौजूद थीं।
सफारी के दौरान अचानक बाघिन अपने दो शावकों के साथ दिखाई दी। जंगल के प्राकृतिक वातावरण में बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी पर्यटकों के लिए किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं थी। पर्यटकों ने इस दुर्लभ नजारे को देखकर खुशी जाहिर की।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां बाघों के दीदार की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए इस तरह के दृश्य सफारी के आकर्षण को और बढ़ा देते हैं। बाघिन का अपने दो शावकों के साथ दिखाई देना VTR के वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बन गया।
