छठ महापर्व से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पटना सिटी के मीना बाजार में बड़ी कार्रवाई की। आलमगंज थाना क्षेत्र के मीना बाजार में गुड़ बेचने वाले कारोबारी संजीव की दुकान पर टीम ने छापेमारी की। इस दौरान गुड़ के नमूने लेकर जांच के लिए सील किए गए। कार्रवाई के बाद बाजार के अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान में रखे गुड़ की जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कुछ अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई। टीम ने गुड़ के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए भेज दिया है। कार्रवाई के बाद बाजार में कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।
वैध लाइसेंस नहीं होने की बात आई सामने
खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुड़ कारोबारी संजीव के पास गुड़ बेचने का वैध लाइसेंस नहीं है। दुकान में रखे मीठे गुड़ में भी अनियमितता पाई गई है। इसके नमूने जांच के लिए सील कर भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फूड इंस्पेक्टर के अनुसार, गुड़ के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
