गोसाईंडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में चोरी, कार्यालय का ताला तोड़कर महत्वपूर्ण दस्तावेज ले उड़े चोर

धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, गोसाईंडीह में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर साउंड बॉक्स समेत महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य सामानों को निशाना बनाया। घटना की जानकारी गुरुवार को उस समय हुई, जब शिक्षक और विद्यालय कर्मी रोज की तरह स्कूल पहुंचे।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कार्यालय के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर देखा गया कि कार्यालय में रखा साउंड बॉक्स गायब है। इसके अलावा चोरों ने अलमारी को भी खंगाला और उसमें रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं अन्य सामानों को इधर-उधर बिखेर दिया था। कार्यालय की स्थिति देखकर शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

स्कूल पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी

गुरुवार सुबह शिक्षक प्रदीप गिरि, सुरेंद्र प्रसाद वर्मा, लक्ष्मण महतो सहित अन्य विद्यालय कर्मी जब स्कूल पहुंचे, तो उन्हें कार्यालय का ताला टूटा मिला। इसके बाद अंदर जांच करने पर चोरी की घटना का पता चला। घटना की जानकारी विद्यालय के अन्य शिक्षकों और प्रबंधन को दी गई।

प्रभारी प्राचार्य ने थाने में दी शिकायत

घटना के बाद विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी है। विद्यालय प्रबंधन ने चोरी गए सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी के साथ दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

विद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान में चोरी की इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की घटना को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया।