छठ घाटों का महापौर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर धनबाद नगर निगम ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर संजीव सिंह ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने तेतुलमारी छठ तालाब, कतरास स्थित सूर्य मंदिर-कतरी नदी छठ घाट और राजागढ़ तालाब का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर संजीव सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।

नगर निगम की ओर से छठ पूजा को लेकर घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में लोक आस्था के महापर्व का अनुष्ठान संपन्न कर सकें।