बिहार के अररिया में महज पांच हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात जीरो माइल इलाके में पैसे के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिकटिया निवासी 25 वर्षीय मंगल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगल कुमार गिट्टी-बालू का कारोबार करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगल कुमार और आरोपी मो. असगर के बीच पांच हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मो. असगर ने मंगल कुमार के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी मो. असगर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस बीच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के कब्जे से आरोपी को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने साथ लेकर चली गई, ताकि उसके साथ कोई अप्रिय घटना न हो।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और खाली खोखा बरामद किया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी के पास से पिस्टल और मैगजीन भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। महज पांच हजार रुपये के विवाद में एक युवक की जान चले जाने से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
