जनपद पौड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्रदान किया गया है।
इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं से जुड़े निर्धारित 12 मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन मिलने से इन केंद्रों पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, पूर्ण टीकाकरण, बाल स्वास्थ्य देखभाल तथा गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग जैसी सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस उपलब्धि से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मजबूती मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्रों में व्यवस्थाओं, संसाधनों और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के स्तर को बनाए रखने पर भी जोर रहेगा।
जिले के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को मिला यह प्रमाणन स्वास्थ्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा।
