छठ महापर्व की पावन बेला पर जामुड़िया वासियों को एक बड़ी सौगात मिली। जामुड़िया के 11 नंबर काली मंदिर के समीप नवनिर्मित छठ घाट का भव्य अनावरण स्थानीय विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने किया। अनावरण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर छठी मईया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस छठ घाट का निर्माण श्री श्री संतोषी माता छठ पूजा कमिटी के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित उपलब्धि है। कमिटी पिछले 44 वर्षों से छठ महापर्व के आयोजन की जिम्मेदारी निभाती आ रही है, लेकिन अब तक उसका अपना कोई स्थायी छठ घाट नहीं था। इसके कारण प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं को छठ पूजा के आयोजन के दौरान विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नवनिर्मित छठ घाट के अनावरण के साथ ही कमिटी का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। अब स्थानीय श्रद्धालुओं को छठ महापर्व के दौरान पूजा-अर्चना और सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए अपना घाट उपलब्ध होगा।
इस उपलब्धि से स्थानीय लोगों और छठव्रतियों में खुशी की लहर है। श्रद्धालुओं ने इसे जामुड़िया के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए प्रसन्नता जाहिर की।
44 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अपना छठ घाट मिलने से श्री श्री संतोषी माता छठ पूजा कमिटी के सदस्यों में भी उत्साह का माहौल है।
