देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान CSIR-CIMFR (केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान), धनबाद में 80वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
समारोह में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अध्यक्ष अनुपम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि CMPDI के निदेशक (तकनीकी) आनंद मोहन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भविष्य के अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। साथ ही संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थापना दिवस के अवसर पर औद्योगिक बैठक का भी आयोजन किया गया। इसमें अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा नई तकनीकों के विकास पर चर्चा हुई।
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था का बेहतर प्रदर्शन उसके कार्य करने के तरीके और निर्णय लेने की प्रक्रिया पर निर्भर करता है। उन्होंने 2/20 के नियम का उल्लेख करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को नीतियां और नियम बनाते समय जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों एवं जूनियर अधिकारियों की जरूरतों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से CSIR-CIMFR की आठ दशकों की वैज्ञानिक यात्रा, अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों से निपटने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
