8 महीने से अटकी मिड-डे मील की रकम, कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने दी 15 दिनों में अनशन की चेतावनी

जिले के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना से जुड़ी राशि पिछले आठ महीने से लंबित रहने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बकाया भुगतान नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अशोक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जल्द भुगतान की मांग की।

अशोक सिंह ने कहा कि जीएसटी बिल और नई भुगतान प्रक्रिया के कारण दुकानदारों की राशि पिछले कई महीनों से फंसी हुई है। इसका असर मिड-डे मील योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि समय पर भुगतान नहीं होने से सरकारी स्कूलों में बच्चों को नियमित भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

कांग्रेस नेता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति से सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

अशोक सिंह ने विभाग को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनशन पर बैठेंगे। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और दुकानदारों को उनकी लंबित राशि कब तक मिल पाती है।