कतरास थाना क्षेत्र के निचितपुर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में शामिल 20 वर्षीय आरोपी रवि बाउरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए Lenovo कंपनी का लैपटॉप और Infinix मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी कांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
22 अक्टूबर की रात हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने कतरास थाना क्षेत्र के निचितपुर निवासी लोपामुद्रा बेहरा के घर को निशाना बनाया था। चोरों ने घर का ताला और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लैपटॉप, मोबाइल फोन के साथ अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़िता ने कतरास थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची।
आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय रवि बाउरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया Lenovo लैपटॉप और Infinix मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
