बक्सर में बड़ी कार्रवाई: करोड़ों की लग्जरी बस से 36 लाख की विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्करों द्वारा उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश को बक्सर उत्पाद विभाग की टीम ने नाकाम कर दिया है। वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु चेकपोस्ट पर जांच से बचकर भाग रही एक लग्जरी बस को उत्पाद विभाग की टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। बस से करीब 36 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की गई है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

दिल्ली से पटना ले जाई जा रही थी शराब की खेप

जानकारी के अनुसार, शराब की यह खेप दिल्ली से चलकर पटना पहुंचाने की तैयारी थी। तस्करों ने शराब को लग्जरी बस में छिपाकर ले जाने की योजना बनाई थी, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो।

फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ी गई बस

बताया जा रहा है कि वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु चेकपोस्ट पर जांच के दौरान एक संदिग्ध लग्जरी बस तेज रफ्तार में भागने लगी। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बस का पीछा शुरू किया। टीम ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए एनएच-922 पर बस को रोक लिया।

तलाशी में मिली 36 लाख की विदेशी शराब

बस की गहन तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है। उत्पाद विभाग ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर जांच तेज होने की संभावना है। उत्पाद विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की डिलीवरी कहां की जानी थी।