एक पुराने मामले में पेशी के लिए धनबाद न्यायालय पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो ने विरोधियों और मौजूदा व्यवस्था पर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता की आवाज उठाने के कारण उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
बैनर में सिर्फ तस्वीर होने के बावजूद दर्ज कराया गया मुकदमा
जयराम महतो ने कहा कि जिस बैनर के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उसमें केवल उनकी तस्वीर लगी हुई थी। इसके बावजूद दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनका नाम इस मामले में उछाला गया और मुकदमा दर्ज कराया गया। इसी मामले की सुनवाई की तारीख पर वे आज धनबाद न्यायालय में उपस्थित हुए।
मुकदमे की लंबी प्रक्रिया पर कसा तंज
मुकदमे की प्रक्रिया को लेकर विधायक ने कहा कि केस चलता रहेगा। फिलहाल आज की तारीख पर वे न्यायालय में हाजिर हुए हैं। अब देखना होगा कि यह मामला आगे कितने समय तक चलता है।
आम जनता की आवाज बनने वालों को फंसाने का आरोप
जयराम महतो ने तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा दौर में लोगों को फंसाने वालों की संख्या बढ़ गई है। उनका आरोप है कि यदि कोई आम जनता की आवाज उठाता है, तो उसे निशाना बनाया जाता है। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को भी इसी संदर्भ में देखा।
धनबाद न्यायालय में उनकी पेशी के दौरान मीडिया की नजरें उनके बयान पर टिकी रहीं। हालांकि, मामले में शिकायतकर्ता और पुलिस का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है।
