धनबाद में करोड़ों की सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, प्रभातम मॉल के सामने 59 डिसमिल भूमि अतिक्रमण मुक्त

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ धनबाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गोविंदपुर अंचल के सुसनीलेवा मौजा स्थित प्रभातम मॉल के ठीक सामने 59 डिसमिल सरकारी जमीन को शनिवार को जेसीबी चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। खाली कराई गई जमीन का बाजार मूल्य करोड़ों रुपये बताया जा रहा है।

उपायुक्त के निर्देश पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा और प्रभारी अंचल निरीक्षक नेहा सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया।

जमीन पर लगाया गया झारखंड सरकार का बोर्ड

अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन ने खाली कराई गई भूमि पर झारखंड सरकार का बोर्ड भी लगा दिया है। इसका उद्देश्य सरकारी जमीन की पहचान सुनिश्चित करने के साथ भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा होने से रोकना है।

दोबारा कब्जा करने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप है।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।