मोतिहारी में छठ का सामान खरीदने गई महिला की हत्या, पांच दिन बाद सड़ा-गला शव बरामद

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में छठ महापर्व का सामान खरीदने बाजार गई एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला पांच दिनों तक लापता रही। आखिरकार 19 नवंबर को पांडेय टोला के सरेह से उसका सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव का एक हाथ भी कटा हुआ था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान माली पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी मनीब सहनी की 35 वर्षीय पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रीता देवी छठ महापर्व का सामान खरीदने सुगौली बाजार गई थीं। लेकिन बाजार जाने के बाद वह घर वापस नहीं लौटीं।

महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 14 नवंबर को परिजनों ने सुगौली थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पांच दिन बाद 19 नवंबर को पांडेय टोला के सरेह में उनका सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। शव का एक हाथ कटा हुआ मिलने से घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।

छठ जैसे महापर्व की तैयारी के बीच हुई इस घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस जांच की जानकारी सामने आना बाकी है।