धनबाद जेल में बंद कुख्यातों पर शिकंजा, बंटी खान समेत 11 अपराधी होंगे दूसरे जेलों में शिफ्ट

जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और जेल के भीतर से संचालित आपराधिक नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान समेत विभिन्न गिरोहों से जुड़े 11 कुख्यात अपराधियों को राज्य के अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए जेल प्रशासन ने अपराधियों के स्थानांतरण को लेकर संबंधित अधिकारियों से स्वीकृति मांगी है।

प्रस्तावित स्थानांतरण सूची के अनुसार, बंटी खान को हजारीबाग केंद्रीय कारा भेजने की तैयारी है, जबकि प्रिंस खान के पूर्व करीबी सैफ अब्बास नकवी उर्फ सैफी को मधुपुर जेल में शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, हीरापुर निवासी सुदिश ओझा समेत अन्य अपराधियों को भी अलग-अलग जेलों में भेजने की योजना है।

जेल प्रशासन का मानना है कि कुख्यात अपराधियों को अलग-अलग जेलों में शिफ्ट करने से जेल के भीतर आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क के संचालन पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, बंटी खान के जेल स्थानांतरण की खबर के बाद उसकी पत्नी को एनकाउंटर का डर सताने की बात सामने आई है। इसको लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है।

धनबाद जेल प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य अपराधियों के स्थानांतरण को लेकर भी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।