कड़ाक फंगाटोली पहुंचे उप प्रमुख ऐनुल अंसारी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा

कुडू प्रखंड के उप प्रमुख सह कांग्रेस नेता ऐनुल अंसारी ग्राम कड़ाक फंगाटोली पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें गांव की विभिन्न समस्याओं और वर्षों से लंबित मामलों से अवगत कराया। उप प्रमुख ने गांव में घंटों रुककर लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो लोगों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण गांव में तनाव का माहौल बना रहता है, आपसी भाईचारे पर असर पड़ रहा है और विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उप प्रमुख ऐनुल अंसारी ने ग्रामीणों की बात सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गांव में शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना बेहद जरूरी है। जमीन विवाद जैसे मामलों का समाधान बातचीत और प्रशासनिक पहल के माध्यम से होना चाहिए, ताकि गांव का माहौल खराब न हो और विकास कार्य बाधित नहीं हों।

ऐनुल अंसारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उनके गांव पहुंचने और समस्याएं सुनने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है।